सुबह 9 बजे ईमेल से मिली धमकी, पुलिस और डॉग स्क्वॉड ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
बोकारो, 9 मार्च 2026:
बोकारो जिला कोर्ट को सायनाइड बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार सुबह पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया।
बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब 09:00 बजे जिला कोर्ट के रजिस्ट्रार और कुछ न्यायिक दंडाधिकारियों को ईमेल के माध्यम से धमकी भेजी गई थी। ईमेल में कहा गया था कि कोर्ट को सायनाइड बम से उड़ा दिया जाएगा।
इसकी सूचना पुलिस को करीब 09:30 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और डॉग स्क्वॉड सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों की मदद से सर्च अभियान शुरू किया गया।
एसपी हरविंदर सिंह के अनुसार अब तक की तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। ईमेल में कुछ आतंकवादी संगठनों का नाम भी लिखा गया है, लेकिन जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।
फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस कोर्ट परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और पूरे मामले की जांच जारी है।
